18 सितंबर, 2010

भारत ने दी पाक को 90 करोड़ की मदद

भारत ने पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून को 90 करोड़ रुपए का चेक सौंपा है।

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रमुख प्रतिनिधि हरदीपसिंह ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क में पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र में प्रमुख प्रतिनिधि अब्दुला हुसैन हारून की उपस्थिति में मून को यह चेक सौंपा।

सूत्रों ने बताया कि भारत ने यह सहायता राशि संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार मामलों के समन्वय कार्यालय ओसीएचएद्वारा शुरू 'पाकिस्तान इमरेंजी रेस्पांस प्लान' के तहत दी है।

इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने सदस्य देशों से बाढ़ से बुरी तरह तबाह पाकिस्तान को दो अरब डॉलर की सहायता देने की अपील की है। ओसीएचए द्वारा कल जारी बयान के अनुसार इस राशि से पाकिस्तान के एक करोड़ 40 लाख लोगों की अगले 12 माह तक अनिवार्य जरूरतों को पूरा किया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार मामलों की प्रमुख वी. आमोस ने कहा कि हमें अपने हिस्से का काम करना चाहिए। हम इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा में मूकदर्शक नहीं बने रह सकते। इससे पूर्व संयुक्त राष्ट्र ने जनवरी में भीषण भूकंप से तबाह हैती की सहायता के लिए सदस्य देशों से 1.5 अरब डॉलर देने की अपील की थी।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार