29 जनवरी, 2010

कांग्रेस नेता रामनिवास मिर्धा का निधन

कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता रामनिवास मिर्धा का शुक्रवार को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे।

रामनिवास मिर्धा के पोते राधवेन्द्र मिर्धा ने बताया कि रामनिवास मिर्धा का अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक गाँव कुचेरा में किया जाएगा।

राधवेन्द्र के अनुसार राम निवास मिर्धा का पार्थिव शरीर कल विशेष विमान से नागौर ले जाया जाएगा। पार्थिव शरीर नागौर पहुँचने के बाद अंतिम दर्शन के लिए जिला कांग्रेस कमेटी में रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस जिला कमेटी से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गाँव कुचेरा ले जाया जाएगा, जहाँ पूरे वैदिक विधि विधान से उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राम निवास मिर्धा के निधन का समाचार मिलते ही राज्य में शोक की लहर छा गई।

गौरतलब है कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामनिवास मिर्धा का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में उपचार चल रहा था। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह और केन्द्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री सचिन पायलट कल रात ही मिर्धा को देखने अस्पताल गए थे।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी 25 जनवरी को गंगाराम अस्पताल में भर्ती वयोवृद्ध नेता रामनिवास मिर्धा की कुशलक्षेम पूछने गए थे।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार