31 दिसंबर, 2009

झारखंड में शिबू सोरेन की ताजपोशी

झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन को बुधवार को एक समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर तीसरी बार शपथ दिलाई गई, जिसमें गठबंधन सहयोगी भाजपा के शीर्ष नेताओं ने भाग नहीं लिया। सोरेन सात जनवरी को विधानसभा में बहुमत साबित करेंगे।

विधानसभा का सत्र चार जनवरी को बुलाया जा रहा है। सोरेन सात जनवरी को 81 सदस्यीय विधानसभा में पाँच दलीय गठबंधन का बहुमत साबित करेंगे।

राज्य में करीब एक साल तक रहे राष्ट्रपति शासन को खत्म करते हुए 65 वर्षीय सोरेन और गठबंधन दलों के दो मंत्रियों को राज्यपाल के. शंकरनारायणन ने शपथ दिलाई। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के समारोह में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन वे अनुपस्थित रहे रहे।

भाजपा के एक धड़े ने झामुमो को समर्थन दिये जाने की आलोचना की है। संघ नेता एमजी वैद्य ने भी कई आपराधिक मामलों का सामना कर रहे सोरेन को समर्थन के फैसले पर सवाल उठाया।

सोरेन के अलावा भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष रघुवर दास और एजेएसयू के अध्यक्ष सुदेश महतो को भी शपथ दिलाई गई। कैबिनेट सचिव आदित्य स्वरूप ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सतर्कता ब्यूरो को मजबूत किया जाएगा और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

कोड़ा मामले की पृष्ठभूमि में अवैध खनन से निपटने के सवाल पर सोरेन ने कहा कि सभी की जाँच-पड़ताल की जाएगी। सरकार में और अधिक मंत्रियों को शामिल करने के मामले में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि गुरुजी (सोरेन) बहुमत साबित कर दें, उसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है।

शपथग्रहण के दौरान झारखंड से भाजपा के वरिष्ठ सांसद यशवंत सिन्हा, पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष करुणा शुक्ला, भाजपा शासित राज्यों छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ ही बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी मौजूद थे। सोरेन इस साल जनवरी में एक उपचुनाव में हार गये थे, जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।

शपथ ग्रहण के बाद सोरेन ने कहा कि उनकी शीर्ष प्राथमिकता गरीबी उन्मूलन और किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की होगी। प्राथमिकताओं के बारे में पूछे जाने पर सोरेन ने कहा कि पेट में अनाज, खेत में पानी। शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमनसिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद थे।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार