14 सितंबर, 2009

सोनिया ने महाराष्‍ट्र में चुनावी शंख फूँका


शरद पवार नीत राकांपा के साथ गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा से बचते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 13 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिहाज से सोमवार को कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि नई ऊर्जा के साथ जनता तक पहुँचें। सोनिया ने दोहराया कि उनकी पार्टी आम आदमी के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है, जिस पर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों में ध्यान दिया गया है।

मुंबई में कायाकल्प के बाद कांग्रेस मुख्यालय के भवन का उद्घाटन करते वक्त सोनिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आपका उत्साह और जोश मुझे विश्वास दिलाता है कि कांग्रेस महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में एक बार फिर विजयी होगी। कांग्रेस मुख्यालय के भवन का नाम पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी के नाम पर रखा गया है।

कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच पहुँचने का आह्वान करते हुए पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य में हमारी सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के फल लक्षित लाभार्थियों तक पहुँचें।

संप्रग सरकार की फिजूलखर्ची पर नियंत्रण की मुहिम के मद्देनजर इकोनॉमी क्लास में यात्रा कर मुंबई पहुँचीं सोनिया ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि आम जनता के साथ अपनी पहचान करें। उन्होंने कहा कि आम आदमी, किसानों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और मध्यमवर्गीय लोगों के लिए कांग्रेस के कार्यक्रम और नीतियों ने लक्षित समूहों को लाभ पहुँचाया है। सोनिया ने कहा कि इसने ही पार्टी की लगातार दूसरी बार केंद्र की सत्ता में वापसी में मदद की है।
न्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है कि 1991 के बाद से जनता ने लगातार दूसरी बार हमें सत्ता में वापस पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि यह संकेत देता है कि पार्टी के ‘आम आदमी’ के लिए कार्यक्रम सफल रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने हालाँकि महाराष्ट्र में खेती के कर्जों में छूट देने के लिए राज्य की गठबंधन सरकार की बात की, लेकिन वे राकांपा के साथ किसी तरह के गठबंधन पर बात करने से दूर रहीं।

राज्यपाल 18 सितंबर को चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी करेंगे यानि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने में महज तीन दिन बचे हैं लेकिन राकांपा के साथ कांग्रेस के 10 साल पुराने गठबंधन को लेकर रहस्य बरकरार है।

शरद पवार ने रविवार को कहा था कि कांग्रेस से इस संबंध में कोई संदेश नहीं आया है। हालाँकि उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल (राकांपा) ने कहा था कि उन्होंने कांग्रेस को 164 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जितनी सीटों पर वह पिछली बार लड़ी थी।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार