04 सितंबर, 2009

विदेश मंत्री के विमान को आपात स्थिति में उतारना पड़ा

भारतीय विदेश मंत्री एसएम कृष्णा को ला रहे एक विमान को बृहस्पतिवार को कराची में आपात स्थिति में उतारना पड़ा। अमीरात एयरलाइन का यह विमान दुबई से दिल्ली आ रहा था। भारतीय वायु क्षेत्र में खराब मौसम की वजह से इसे वापस पाकिस्तान ले जाना पड़ा।

कृष्णा सरकारी यात्रा पर ब्राजील गए हुए थे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी की हवाई हादसे में मौत की खबर सुन वह दौरा बीच में ही छोड़ नई दिल्ली लौट रहे थे। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के प्रवक्ता जार्ज परवेज ने बताया कि नई दिल्ली में मौसम की खराबी की वजह से अमीरात एयरलाइन के विमान को कराची में उतारने के लिए पायलट ने पाकिस्तानी प्रशासन से इजाजत मांगी। इजाजत मिलने के बाद रात 10.35 बजे विमान को कराची में उतारा गया। उस समय नई दिल्ली में तेज बारिश हो रही थी। एक घंटे तक मौसम सही होने का इंतजार करने के बाद पायलट ने विमान वापस दुबई ले जाने का फैसला किया। परवेज ने बताया कि कराची में विमान में ईधन भी भरा गया। उन्होंने पाकिस्तानी मीडिया की इस खबर को गलत बताया कि विमान को किसी तकनीकी खराबी के चलते कराची में उतारना पड़ा।

विमान में कृष्णा के अलावा भारत सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी सफर कर रहे थे। कराची में किसी भी यात्री को विमान से बाहर नहीं आने दिया गया। अमीरात एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली जा रही इस फ्लाइट ईके-514 में कुल 101 यात्री सवार थे। विमान दुबई से स्थानीय समयानुसार दोपहर तीन बजकर 40 मिनट पर रवाना हुआ था। खराब मौसम के कारण उसे कराची में उतारना पड़ा और बाद में वापस दुबई लाया गया। प्रवक्ता ने बताया कि इस फ्लाइट के सभी यात्रियों को बाद में अन्य फ्लाइट के जरिए रवाना कर दिया गया।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार