03 मई, 2012

डीएम की रिहाई को मध्यस्थ ताड़मेटला रवाना

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन 13 दिनों तक माओवादियों के कब्जे में रहने के बाद गुरुवार शाम तक रिहा हो जाएंगे। कलेक्टर मेनन को लेने माओवादियों के मध्यस्थ ताड़मेटला गाव के लिए रवाना हो गए हैं।

मुख्यमंत्री रमन सिंह के प्रमुख सचिव एन बैजेंद्र कुमार ने बताया कि माओवादियों की ओर से मध्यस्थ बीडी शर्मा और प्रोफेसर हरगोपाल आज हेलिकाप्टर से ताड़मेटला की ओर रवाना हो गए हैं।

कुमार ने बताया कि दोनो मध्यस्थ सुकमा जिले के चिंतलनार गाव तक हेलिकाप्टर से पहुंचे है तथा आगे का सफर जीप या दुपहिया वाहन से हो सकता है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर की रिहाई के बाद उन्हें जंगल से निकालने के लिए राज्य शासन ने पूरी व्यवस्था कर ली है। राज्य के सुकमा, दंतेवाड़ा, जगदलपुर और राजधानी रायपुर में चिकित्सा अधिकारियों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। कलेक्टर मेनन की रिहाई के बाद उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। चिंतलनार क्षेत्र में भी एक एम्बुलेंस को तैनात किया गया है।

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि राज्य शासन को जानकारी मिली है कि कलेक्टर मेनन को माओवादी ताड़मेटला गाव की जनता के सामने अपने मध्यस्थों के हवाले करेंगे। इस जानकारी के बाद दोनों मध्यस्थों को हेलीकाप्टर से चिंतलनार तक भेजा गया है। कुमार ने बताया कि संभवत: कलेक्टर मेनन रिहा होने के बाद सबसे पहले अपनी पत्नी आशा मेनन से मिलना चाहेंगे। मेनन को सुकमा पहुंचाने की भी पूरी व्यवस्था कर ली गई है।

हेलीकाप्टर से मध्यस्थ जी हरगोपाल व बी.डी. शर्मा रायपुर से 500 किलोमीटर दूर तरमेटला में मेनन को लेने के लिए पहुंच रहे है। मेनन को दोपहर में मुक्त किए जाने की उम्मीद है।

बुधवार को मीडिया संगठनों को भेजे संदेश में नक्सलियों ने कहा था कि मेनन 21 अप्रैल से उनकी कैद में है और उन्हे तरमेटला में लोगों की मौजूदगी में हरगोपाल और शर्मा को सौंपा जाएगा। सुकमा में तरमेटला वही जगह है जहां अप्रैल 2010 में नक्सलियों द्वारा अ‌र्द्धसैनिक बल के 76 जवानों को मार दिया था।

माओवादियों के मध्यस्थ बीडी शर्मा ने बताया कि माओवादियों का संदेश आने के बाद वे कलेक्टर मेनन को लेने ताड़मेटला जा रहे हैं। शाम तक वे वापस आ सकते हैं। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कलेक्टर एलेक्स पाल मेनन का माओवादियों ने इस महीने की 21 तारीख को अपहरण कर लिया था।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार