16 अगस्त, 2010

विदेशों में भी जोश से मनाया स्वतंत्रता दिवस

भारत का 64वाँ स्वतंत्रता दिवस दुनियाभर में बसे भारतीयों ने तिरंगा ध्वज फहराकर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों के साथ पूरे जोश से मनाया गया ।
बीजिंग में भारतीय राजदूत एस जयशंकर ने दूतावास परिसर में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर भारतीय समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। जयशंकर ने राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संबोधन भी पढ़कर सुनाया।
शंघाई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में भी ऐसा ही कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ वाणिज्य दूत रीवा गांगुली दास ने राष्ट्र ध्वज फहराया। कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लगभग 400 लोग मौजूद थे।
संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत एमके लोकेश ने अबु धाबी में तिरंगा फहराया और राष्ट्रपति का संबोधन पढ़कर सुनाया। दुबई में वाणिज्य दूत संजय वर्मा ने तिरंगा फहराया।
कुवैत सिटी में भारतीय दूतावास अजय मल्होत्रा ने दूतावास में राष्ट्र ध्वज फहराया। सऊदी अरब की राजधानी रियाद और बंदरगाह जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में भी समारोहपूवर्क राष्ट्रध्वज फहराया गया।
सिंगापुर में तीन हजार से ज्यादा भारतीयों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। यहाँ उच्चायुक्त टीसीए राघवन ने तिरंगा फहराया।
इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त शरत सभरवाल ने उच्चायोग में ध्वजारोहण किया। उच्चायोग के कर्मचारियों ने अपने परिवारों के साथ देशभक्ति के गीत गाए। उच्चायुक्त की पत्नी ने कर्मचारियों के बच्चों के बीच उपहार बाँटे।
इस्लामाबाद के मध्य स्थित भारतीय उच्चायोग परिसर में सुरक्षा के इंतजाम पाकिस्तानी स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पुख्ता कर दिए गए थे। परिसर में दाखिल होने वाले वाहनों की सघनता से जाँच की गई।
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में भारतीय उच्चायुक्त राजीब मित्तर ने इंडिया हाउस में तिरंगा फहराया। उच्चायोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय मूल के लगभग 400 लोगों ने आजादी के जश्न में हिस्सा लिया और देशभक्ति के गीत गाए।
15 अगस्त के ही दिन वर्ष 1975 में बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीब उर रहमान की परिवार के सदस्यों समेत हत्या कर दी गई थी। देश में रविवार को राष्ट्रीय शोक था, जिसे ध्यान में रखते हुए यहाँ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
टोरंटो में अभिनेता अक्षय कुमार ने भारतीय-कनाडियाई लोगों के साथ मिलकर सालाना ‘इंडिया डे परेड’ में स्वतंत्रता दिवस मनाया। वाणिज्यिक दूत प्रीति सरन ने भारतीय समुदाय के लोगों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी।
इसराइल में भारत के राजदूत नवतेज सिंह सरन ने हरजि़ला में लगभग 400 भारतीयों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया।
उधर, अमेरिका के ह्यूस्टन में महावाणिज्य दूत संजीव अरोरा ने 500 भारतीयों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के बाद प्रवासी भारतीय बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। ध्वजारोहण के बाद ‘इंडिया फेस्ट 2010’ की शुरुआत हुई।
नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में भी भारतीयों ने स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। वहाँ भारतीय उच्चायुक्त महेश सचदेव ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का अभिभाषण पढ़ा।
तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबत में भारतीय दूतावास पर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। राजदूत मोहम्मद अफजल ने वहाँ तिरंगा लहराया।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार