26 जनवरी, 2010

ओबामा ने दी गणतंत्र दिवस की बधाई

वाशिंगटन। 61वें गणतंत्र दिवस पर भारतीय जनता को अपनी शुभकामनाएं देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि आजादी, बहुलवाद और धार्मिक सहिष्णुता के मूल्यों में भारत और अमेरिका समान रूप से और मजबूती के साथ आस्था रखते हैं।

ओबामा ने कहा, मैं अमेरिकी जनता की ओर से भारत की जनता और यहां तथा दुनियाभर में रहने वाले उन लोगों को शुभकामनाएं प्रदान करता हूं जो गणतंत्र दिवस मना रहे हैं।

भारतीय गणतंत्र दिवस पर अपने शुभकामना संदेश में ओबामा ने कहा, दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में अमेरिका और भारत आजादी, बहुलवाद तथा धार्मिक सहिष्णुता के मूल्यों में समान और मजबूत साझेदारी रखते हैं।

उन्होंने कहा, यह गणतंत्र दिवस विशेष रूप से खास है क्योंकि यह भारत की हीरक जयंती का अवसर है। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि 60 साल पहले भारतीय संविधान को अंगीकार किए जाने के बाद से हमने एक मजबूत और उूर्जावान साझेदारी विकसित की है।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति बनने के बाद ओबामा ने अपने पहले सरकारी अतिथि के तौर पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आमंत्रित किया था।

ओबामा ने 24 नवंबर को व्हाइट हाउस में मनमोहन सिंह के सम्मान में रात्रिभोज भी आयोजित किया था।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, मुझे इस बात से बेहद खुशी हुई कि प्रधानमंत्री सिंह मेरे राष्ट्रपति कार्यकाल के पहले सरकारी रात्रिभोज के सम्मानित अतिथि थे। यह दोनों राष्ट्रों के बीच महान और बढ़ती साझेदारी तथा दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता का उत्सव मनाने का अवसर था।

भारतीय समुदाय के अमेरिकियों के योगदान को स्वीकार करते हुए ओबामा ने कहा, 20 लाख से अधिक भारतीय अमेरिकी हमारे महान राष्ट्र को विज्ञान, सरकारी कामकाज, उद्योग तथा कला क्षेत्र के विभिन्न कोनों में संवर्धित कर रहे हैं।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार