18 सितंबर, 2009

अठावले से सरकारी आवास खाली कराया

कई नोटिसों के बावजूद सरकारी मकान खाली नहीं किए जाने पर पूर्व सांसद रामदास अठावले का सामान शुक्रवार को उनके आवास से बाहर कर दिया गया जिसकी आलोचना करते हुए आरपीआई प्रमुख ने इसे कांग्रेस का राजनीतिक प्रतिशोध बताया।

शहरी विकास मंत्रालय के तहत काम करने वाले परिसंपत्ति निदेशालय के अधिकारियों की एक टीम उनके लोदी एस्टेट स्थित आवास पर गई और उनका सामान हटा दिया। निदेशालय ही सांसदों को आवासों का आवंटन करता है।

अठावले ने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि मैं अब तक कांग्रेस का समर्थन कर रहा था। अब मैं महाराष्ट्र में तीसरे मोर्चे में हूं और हमारा मकसद राज्य की कांग्रेस नीत सरकार को सत्ता से हटाना है। इसी वजह से कांग्रेस ऐसे कदम उठा रही है।

महाराष्ट्र में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के सिलसिले में अठावले अभी राज्य में ही हैं। अठावले ने कहा कि वह तीन चार महीने में मकान खाली कर देते और उन्होंने यह बात अधिकारियों को बता दी थी, लेकिन सरकार अधीर थी।

अठावले के पार्टी समर्थकों ने मुंबई में कांग्रेस कार्यालय पर पथराव किया। वहीं पाटी की दिल्ली इकाई के प्रमुख मिर्जा मेहता बेग ने दावा किया कि अधिकारियों ने घर में प्रवेश करने के पहले कोई नोटिस नहीं दी और उनका सामान हटा दिया।

दूसरी तरफ, निदेशालय के अधिकारियों ने कहा कि अठावले को घर खाली करने के लिए कई बार नोटिस दिए गए थे और उन्हें तीन सितंबर तक का समय दिया गया था।

मुंबई पुलिस ने मुंबई कांग्रेस के कार्यालय पर हमले के सिलसिले में 23 लोगों को गिरफ्तार किय। है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसी हफ्ते भवन का उद्घाटन किया था।

अतिरिक्त सीपी [दक्षिण] आर के पद्मनाभन ने संवाददाताएं को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में अधिकतर अठावले के समर्थक हैं।

उन्होंने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं। एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और हम विचार कर रहे हैं कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आईपीसी की किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए। अठावले हाल के आम चुनावों में शिर्डी लोकसभा क्षेत्र से पराजित हो गए थे। उन्होंने कहा कि वह न्याय प्राप्त करने के लिए अदालत जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अठावले ने आरपीआई के अन्य धड़े के साथ मिलकर जद एस, भाकपा, माकपा, समाजवादी पार्टी तथा अन्य दलों के साथ मिलकर गठबंधन बनाया है।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार