21 सितंबर, 2009

मुंबई पर आतंकी हमले की आशंका

अमेरिका, इजरायल के बाद आस्ट्रेलिया ने भी अपने नागरिकों को आतंकी हमले की आशंका के चलते भारत यात्रा खासतौर पर मुंबई जाने से बचने की सलाह दी है। आस्ट्रेलियाई प्रांत विक्टोरिया के प्रधानमंत्री जान ब्रूमी को इस हफ्ते भारत की यात्रा करनी है लेकिन इस दौरान वह मुंबई नहीं जाएंगे।

मुंबई यात्रा पहले उनके कार्यक्रम में शामिल थी लेकिन सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया।

आस्ट्रेलियाई मीडिया में रविवार को आई खबरों के मुताबिक सरकार की एडवाइजरी में मुंबई में आतंकी हमले की आशंका जताई गई है। स्काई न्यूज के अनुसार बुधवार और गुरुवार को मुंबई दौरे का कार्यक्रम रद होने के बाद ब्रूमी ज्यादातर समय दिल्ली में ही रहेंगे। कहा जा रहा है कि उनकी यात्रा के कार्यक्रम में किया गया यह परिवर्तन विदेश मामलों के विभाग [डीएफएटी] की ओर से जारी ताजा यात्रा सलाह के बाद किया गया। डीएफएटी ने अपनी 'एडवाइजरी' में कहा था, 'विश्वसनीय सूचनाओं से ऐसे संकेत मिलते हैं कि आतंकी 2009 के सितंबर या अक्टूबर माह में मुंबई में दोबारा हमला करने की साजिश रच रहे हैं। इसमें वे स्थान शामिल हैं जहां पर्यटक लगातार आते जाते हैं।' इससे पहले अमेरिका और इजरायल भी अपने नागरिकों को मुंबई की यात्रा से बचने की सलाह दे चुके हैं।

ब्रूमी का करीब डेढ़ हफ्ते भारत में रहने का कार्यक्रम है। इस दौरान वह बेंगलूर भी जाएंगे। ब्रूमी की इस यात्रा का मकसद आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर नस्ली हमलों के बाद भारतीयों को देश में उनकी सुरक्षा के बारे में आश्वस्त कराना है। इससे पहले आस्ट्रेलिया की उप प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड भी इसी सिलसिले में भारत की यात्रा कर चुकी हैं। पिछले कुछ माह के दौरान विक्टोरिया प्रांत की राजधानी मेलबर्न में ही भारतीय छात्रों पर सबसे ज्यादा नस्ली हमले हुए हैं।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार