01 नवंबर, 2010

विश्व की सबसे बड़ी जनगणना चीन में शुरू

बीजिंग। सर्वाधिक आबादी वाले देश चीन ने अपने एक दशक पुराने जनसंख्या आंकड़े को अद्यतन करने के लिए सोमवार को विश्व की सबसे बड़ी जनगणना की शुरुआत की।

जनगणना कार्यक्रम के तहत करीब छह लाख 50 हजार कार्यकर्ता अगले दस दिनों में देश के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित करीब 40 करोड़ से अधिक घरों में जाएंगे। ये कार्यकर्ता इस दौरान देश के नागरिकों के अलावा विदेशी नागरिकों के घरों में भी जाकर विभिन्न जानकारियां एकत्र करेंगे।

राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो [एनबीएस] के अधिकारियों ने बताया कि ज्यादा सटीक आंकड़ों के लिए जनगणना का दूसरा दौर 11 नवंबर से शुरू किया जाएगा जो 30 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि सभी आंकड़ों की गणना दिसंबर में की जाएगी और इसके परिणाम अप्रैल 2011 में जारी होंगे। संभावना है कि इस जनगणना से चीन के नागरिकों का आयु संबंधी खाका उपलब्ध हो सकेगा।

चीन में एक बच्चे की नीति को सख्ती से लागू किया जा रहा है जिससे देश में बुजुर्गो की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है और पेंशन कोष पर भारी दबाव पड़ रहा है। एनबीएस के अनुसार, आज से पहले जन्म लेने वालों को इस जनगणना में शामिल कर लिया जाएगा जबकि आज के बाद जन्म लेने वालों को अगली जनगणना में शामिल किया जाएगा जो वर्ष 2020 में होनी है।

जनगणना के लिए, करीब 90 प्रतिशत लोगों को एक प्रपत्र भरने के लिए कहा जाएगा जिसमें उन्हें करीब 18 जानकारियां देनी होंगी। इसमें नाम, लिंग, प्रजाति, घर का पंजीकरण नंबर और शिक्षा आदि के बारे में जानकारियां देनी होंगी।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार