17 अक्तूबर, 2009

बैलून में उड़ा बच्चा घर में मिला


चौंकिए मत, ये किसी जादूगर की करामात नहीं है। अमेरिका में छह साल का एक बच्चा हीलियम से भरे गुब्बारे में बैठकर उड़ गया। इसके बाद पूरे देश में यह खबर फैलने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खबर फैलते ही सेना के हेलीकाप्टर उसे खोजने में जुट गए। नजदीकी हवाईअड्डे डेनवार से कई उड़ानों को रोक दिया गया।

सेना के हेलीकाप्टर को आशंका थी कि कहीं बच्चा गुब्बारे की बास्केट से गिर न जाए। सभी चैनल सक्रिय हो गए और गुब्बारे का सीधा प्रसारण किया जाने लगा।

बाद में पता चला कि फाल्कन हीन नाम का वह बच्चा अपने घर के गैराज में छुपा बैठा था। इसके बाद पता चला कि यह सब पब्लिसिटी के लिए किया गया था।

हुआ कुछ यूं कि बच्चे के पिता रिचर्ड हीन ने उसकी डांट लगाई। डांट से डरकर वह अपने घर के गैराज में रखे एक बॉक्स में जाकर छुप गया। इसी दौरान रिचर्ड हीन का तैयार किया हुआ गुब्बारा अचानक उड़ गया। रिचर्ड इस गुब्बारे का इस्तेमाल मौसम की जानकारी लेने के लिए करते थे।

अफरा-तफरी का माहौल उस समय शुरू हुआ जब फाल्कन के भाई ने कहा कि जिस समय गुब्बारा उड़ा फाल्कन उस पर सवार था। पुलिस के कई बार पूछताछ करने पर हर बार उसने यही बताया कि फाल्कन उस बैलून पर सवार था। इसके बाद जैसे ही पुलिस और हवाई खोजी दल सक्रिय हुआ खबर फैलती चली गई।

न्यूज चैनलों ने तत्काल इसका सीधा प्रसारण करना शुरू कर दिया। इस बीच पुलिस ने दो बार उसके घर की तलाशी ली लेकिन उसे नहीं ढूंढ़ पाई।

हीलियम से भरा यह गुब्बारा 7,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ा। दो घंटे की उड़ान के दौरान गुब्बारे ने करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय की। जब गुब्बारा एक खेत में उतरा तो बच्चे का नामोनिशान नहीं था।

लंबे समय तक चला यह ड्रामा तब खत्म हुआ जब पुलिस ने बताया कि बच्चा अपने घर में ही छुपा बैठा था। जिले के शेरिफ जिम एल्डरडेन ने बताया तो पता चला कि सबको नाकों चने चबवाने वाला छह साल का फाल्कन हीन अपने घर के गैराज में छिपा था। एल्डरडेन ने कहा कि पूरे समय वह गैराज में छिपा रहा।

असल में डांट पड़ने के बाद फाल्कन गैराज में जा छिपा था और सारे समय वह वहीं छुपा रहा।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार