18 सितंबर, 2009

सोमदेव ने भारत को दिलाई बढ़त

युवा टेनिस स्टार सोमदेव देवबर्मन ने शानदार खेल का नजारा पेश करते हुए इजाक वान डर मर्व को पहले एकल मैच में सीधे सेटों में 7-6, 6-3, 6-4 से हराकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डेविस कप विश्व ग्रुप प्ले ऑफ मुकाबले में भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

अमेरिकी ओपन में अच्छा प्रदर्शन करने वाले दुनिया में 133वीं रैंकिंग के सोमदेव के खेल में परिपक्वता दिखी और उन्होंने इलिस पार्क इंडोर स्टेडियम में अपने प्रतिद्वंद्वी को दो घंटे दस मिनट में पराजित किया। भारत के नंबर दो खिलाड़ी रोहन बोपन्ना दूसरे एकल मैच में दक्षिण अफ्रीका के नंबर एक खिलाड़ी रिक डि वोएस्ट से भिड़ेंगे जिन्हें दुनिया में 189वीं रैंकिंग हासिल है।

सोमदेव ने केवल एक ब्रेक प्वाइंट का सामना किया और उन्होंने अधिकतर समय बेसलाइन का खेल खेला। मर्व ने सर्व और वाली का अच्छा खेल दिखाया लेकिन बेजा गलतियों के कारण वह सीधे सेटों में हार गए। पहले सेट में आठवें गेम तक किसी भी खिलाड़ी को सर्विस तोड़ने का मौका नहीं मिला। मर्व ने सिर के ऊपर से वाली जमाकर ब्रेक प्वाइंट का मौका पाया लेकिन सोमदेव ने ताकतवर सर्विस से उसे बचा दिया। सोमदेव को अगले गेम में ब्रेक प्वाइंट मिला लेकिन भाग्य ने उनका साथ नहीं दिया और उनका करारा बैकहैंड नेट से टकराकर कोर्ट से बाहर चला गया।

पहले सेट में कोई भी खिलाड़ी ब्रेक प्वाइंट लेने में असफल रहा और आखिर में यह टाईब्रेकर तक चला गया जिसे सोमदेव ने 7-5 से जीता। अपनी ताकतवर सर्विस और नेट पर अच्छे खेल के कारण शुरू में अच्छा प्रदर्शन करने वाले मर्व ने टाईब्रेकर में कई गलतियां की। इस दक्षिण अफ्रीकी ने फोरहैंड नेट पर मारकर सोमदेव को 3-1 की बढ़त दिलाई जो बाद में 6-4 हो गई। मर्व ने इसके बाद एक सेट प्वाइंट बचाया लेकिन उनके डबल फाल्ट से पहला सेट भारतीय खिलाड़ी के नाम हो गया।

सोमदेव ने दूसरे सेट में लय हासिल करके छठे गेम में मर्व की सर्विस तोड़ी। चार ड्यूस प्वाइंट के बाद सोमदेव को अपना दूसरा ब्रेक प्वाइंट मिला और उन्होंने दोनों हाथों से करारा बैकहैंड लगाकर 4-2 की बढ़त बनाई। मर्व पर दबाव बढ़ता जा रहा था और उन्होंने गलतियां करके आठवें गेम में सोमदेव को दो सेट प्वाइंट दे दिए। उन्होंने इन दोनों को बचाया लेकिन सोमदेव को सर्विस पर सेट जीतने से नहीं रोक पाए।

मर्व का आत्मविश्वास डगमगा गया था और उन्हें तीसरे सेट के पहले गेम में दो ब्रेक प्वाइंट का सामना करना पड़ा जिन्हें उन्होंने बचा दिया। लेकिन पांचवें गेम में सोमदेव ने डबल फाल्ट का फायदा उठाकर लव पर दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ी। इसके बाद सोमदेव को यह सेट और मैच जीतने में कोई दिक्कत नहीं हुई।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार