
गृहमंत्री पी चिदंबरम ने अमेरिकी अधिकारियों को पाकिस्तान के उन साठ आतंकियों की सूची दी है जो बीते साल देश के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए। इसके अलावा उन दस लोगों की सूची भी सौंपी गई है जिन्हें इस अवधि में गिरफ्तार किया गया।
एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि चिदंबरम ने चार दिन की अमेरिका यात्रा पर रवाना होने से पहले इस सूची को तैयार किया था। उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों के साथ इस सूची को साझा किया है।
अधिकारी ने कहा कि इस सूची में नाम और पाकिस्तान में उनके ठिकाने बताए गए हैं। सुरक्षाबलों द्वारा गिरफ्तार किए गए दस अन्य आतंकियों की सूची भी अमेरिकी अधिकारियों को दी गई है। ये आतंकी फिलहाल जेल में हैं। इसबीच सरकार इन नामों को पाकिस्तानी मीडिया में प्रचारित करने पर विचार कर रही है। यह अभियान विज्ञापन की शक्ल में हो सकता है।