31 जुलाई, 2009

धोनी के घर से तीन संदिग्ध गिरफ्तार


भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के घर में घुसने की कोशिश करते तीन लोग पकड़े गए हैं। ये लोग धोनी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की राइफल छीन रहे थे। तीनों नशे में धुत थे। पुलिस इनसे पूछताछ कर इनका मकसद पता करने की कोशिश कर रही है।
गौरतलब है कि धोनी झारखंड की राजधानी रांची में रहते हैं। गुरुवार को वो अपनी नई कार हमर को लेकर रांची आए थे। उनके साथ भारतीय टीम से तेज गेंदबाज आरपी सिंह भी थे। इस मौके पर लोगों ने इनका जोरदार स्वागत किया था। लेकिन शुक्रवार की दोपहर तीन संदिग्ध लोगों ने उनके घर में घुसने की कोशिश की।
जब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोका तो वे उनसे भी भिड़ गए और उनकी राइफल छीनने की कोशिश की। तुरंत ही इन तीनों को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में नशे का धुत इन तीनों लोगों ने बताया कि वो धोनी के प्रशंसक हैं। वो तो सिर्फ धोनी का घर और उनकी नई कार को देखने आए थे।
बताया जाता है कि इनमें को दो छात्र हैं और एक निजी नौकरी करता है। गौरतलब है कि पिछले दिनों धोनी को धमकी मिली थी जिसके बाद से पुलिस उनकी सुरक्षा को लेकर काफी सतर्क हो गई है।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार