15 जुलाई, 2009

विधान परिषद सीटों के चुनाव में जदयू की 'जय' रही

स्थानीय निकाय कोटे की विधान परिषद सीटों के चुनाव में जदयू की 'जय' रही। हालांकि सहयोगी भाजपा को दस में मात्र तीन सीटों पर ही संतोष करना पड़ा। जदयू 14 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसके दस उम्मीदवार विजयी रहे। चौबीस में जिन 22 सीटों की बुधवार को मतगणना हुई, उनमें राजग के खाते में 13 सीटें गयीं और कांग्रेस खाता भी न खोल सकी। पहली बार स्थानीय निकाय कोटे की विधान परिषद की इन सीटों का चुनाव पार्टी लाइन पर हुआ था। जदयू व भाजपा क्रमश: 14 व दस सीटों पर तालमेल के साथ मैदान में उतरे थे। राजद व लोजपा के बीच सीटों के बंटवारे का फार्मूला 18 और 6 का था। लेकिन गठबंधन को सिर्फ पांच सीटों से संतोष करना पड़ा। लोजपा को तीन व राजद को दो सीटें मिलीं। कांग्रेस ने भी प्रत्याशी उतारे थे। उसके सभी उम्मीदवार चुनाव हार गये। विधान परिषद की इन 24 सीटों में महत्वपूर्ण मानी जा रही नालंदा की सीट लोजपा ने झटक कर सत्तारूढ़ गठबंधन को झटका दिया। यहां से लोजपा के राजू यादव विजयी रहे। भाजपा को मोतिहारी, आरा सह बक्सर और भागलपुर सह बांका सीट पर जदयू के बागियों ने झटका दिया। यहां भाजपा उम्मीदवार चुनाव हार गये। मैदान में उतरे सीटिंग विधान पार्षदों में कुछ को ही सफलता मिली।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा में जदयू प्रत्याशी को हार का मुंह देखना पड़ा है, वहीं लालू के संसदीय क्षेत्र छपरा और गोपालगंज में जदयू को कामयाबी हासिल हुई है। पटना से जदयू के वाल्मिकी सिंह, सासाराम से कृष्ण कुमार सिंह, औरंगाबाद से रंजन कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, गोपालगंज से सुनील सिंह, छपरा से सलीम परवेज, पश्चिम चंपारण से राजेश राम, नवादा से सलमान रागीव मुन्ना, मधुबनी से विनोद कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर से दिनेश सिंह और गया से अनुज कुमार सिंह चुनाव जीतने में कामयाब रहे। भाजपा के सीतामढ़ी से बैद्यनाथ प्रसाद, कटिहार से अशोक अग्रवाल, बेगूसराय से राजीव कुमार विजयी रहे। चार निर्दलीय को भी सफलता मिली है। सिवान से मनोज कुमार सिंह ने जबकि भागलपुर सह बांका में मनोज यादव ने सीट झटक ली। आरा सह बक्सर में हुलास पांडेय ने भाजपा के प्रत्याशी विशेश्वर ओझा को हराया। हुलास पांडेय जदयू विधायक सुनील पांडेय के भाई हैं। मोतिहारी में भी निर्दलीय रेणु सिंह विजयी रहीं। रेणु साहेबगंज के जदयू विधायक राजू कुमार सिंह राजू की पत्नी हैं। यहां भी भाजपा उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।

राजद के खाते में दो सीटें गयीं, जिनमें दरभंगा और समस्तीपुर शामिल हैं। दरभंगा से मिश्री लाल यादव जीते तो समस्तीपुर से रोमा भारती। लोजपा की दूसरी सीट हाजीपुर रही जहां से राजेंद्र राय चुनाव जीते। सहरसा सीट पर लोजपा के ही मो. राइन प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में काफी आगे चल रहे हैं। तकनीकी कारणों से मुंगेर और पूर्णिया की मतगणना गुरुवार को होगी।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार