14 जनवरी, 2010

हैती में 1 लाख लोगों के मरने की आशंका


हैती के प्रधानमंत्री ने आगाह किया कि यहाँ आए जबरदस्त भूकंप में मृतकों की संख्या एक लाख तक पहुँच सकती है। यहाँ अब भी अनेक लोग लापता हैं।
प्रधानमंत्री जीन मैक्स बेलेरिवे ने सीएनएन को बताया कि 7.0 तीव्रता वाले भूकंप से अंतिम मृतक संख्या एक लाख तक पहुँच सकती है।
भूकंप से तबाह हैती की राजधानी पोर्ट ओ प्रिंस का अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा क्षतिग्रस्त हो गया है लेकिन इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी। हैती की मदद के लिए विभिन्न देश राहत सामग्री और बचाव दल भेजने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री जीन मैक्स ने बताया कि विमान हवाईअड्डा पर उतर रहे हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि मैं जानता हूँ कि वहाँ कुछ समस्या है।
अमेरिकी वायुसेना के जनरल और अमेरिकी दक्षिणी कमान के प्रमुख डगलस फ्रेजर ने वॉशिंगटन में कहा कि भूकंप में हवाई पट्टी बच गई है लेकिन संचार व्यवस्था ठप है और यात्री टर्मिनल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
हैती के राष्ट्रपति जीवित : अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि हैती के राष्ट्रपति जीवित हैं लेकिन विनाशकारी भूकंप के कारण तबाही और राष्ट्रपति भवन के तहस नहस हो जाने से उनके पास रहने के लिए आवास नहीं है। अमेरिका, सरकार को हैती की संचार व्यवस्था बहाल करने में मदद कर रहा है।
आर्कबिशप की मौत : पोर्ट ओ प्रिंस के आर्कबिशप मोन्सिगनोर जोसेफ सर्ज मिओट की हैती में आए भूकंप में मौत हो गई। वह 63 वर्ष के थे। पश्चिमी फ्रांस में सेंट जाक मिशनरी सेंटर के रेव पियरे ले बेलेर ने बताया कि आर्कबिशप का शव उनके कार्यालय के मलबे से मिला है। भूकंप में चर्च के एक छात्र की भी मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए हैं।
14 शांतिरक्षकों की मौत : भूकंप से ब्राजील नीत संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षण मिशन के कम से कम 14 जवानों की मौत हो गई। ब्राजील के रक्षा मंत्री हालात का पता लगाने के लिए हैती रवाना हो गए हैं। दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों ने कहा कि कम से कम 11 ब्राजीली सैनिकों की और जार्डन के तीन सैनिकों की मौत हो गई।
चीन की स्टेट काउंसिल के अनुसार हैती में इमारतों के जमींदोज होने से शांतिरक्षण मिशन के आठ चीनी सदस्य दब गए। इनके जिंदा या मारे जाने की पुष्टि नहीं हुई है।
हैती के लिए उड़ान स्थगित : अमेर‍िका की दो बड़ी हवाई सेवा प्रदाता कंपनियों ने हैती में आए विनाशकारी भूंकप के बाद वहाँ के लिए अपनी उडान स्थगित कर दी है। विश्व की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी डेल्टा तथा अमेरिकन एयरलाइन ने पोर्ट आ प्रिंस के लिए अपनी उड़ान स्थगित कर दी है। दोनों कंपनियों ने कहा है कि यह उडान फिर से कब शुरू होगी इस संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।
गुआंतानामो का उपयोग राहत कार्यों के लिए : अमेरिकी सेना ने कहा कि क्यूबा के गुआंतानामो बे में स्थित उसके नौसैनिक ठिकाने का इस्तेमाल हैती में राहत कार्यों में मदद के लिए किया जा सकता है। दक्षिणी कमान के प्रमुख जनरल डगलर फ्रेजर ने बताया कि अगर हमें विभिन्न कारणों के लिए जरूरत है तो यह एक उपलब्ध संसाधन है।
विश्व बैंक देगा 10 करोड़ डॉलर : विश्व बैंक ने भूकंप से तबाह हुए हैती को 10 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता देने का निर्णय किया है। बैंक की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह राशि मंगलवार को हैती में आए भीषण भूकंप को देखते हुए मदद स्वरूप दी जा रही है।
मल्टीलेटरल डवलपमेंट बैंक के अध्यक्ष रॉबर्ट जोएलिक ने कहा कि यह स्तब्ध कर देने वाली घटना है। अंतरराष्ट्रीय बिरादरी के लिए यह आवश्यक है कि वह हैती के लोगों की, इस संकट के समय में मदद करने के लिए आगे आएँ।
हिलेरी का एशिया दौरा रद्द : हैती में आए विनाशकारी भूकंप के मद्देनजर अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने अपना तीन दिवसीय एशिया दौरा रद्द करने तथा वॉशिंगटन लौटने का फैसला किया है ताकि हैती की सहायता के बारे में योजना बनाई जा सकें। हिलेरी को रविवार को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना होने से पहले पापुआ न्यू गिनी और न्यूजीलैंड जाना था।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार