19 सितंबर, 2009

पूनम महाजन लड़ेंगी विधानसभा चुनाव

भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन की पुत्री पूनम महाजन को महाराष्ट्र के आगामी विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को घोषित पार्टी के 66 प्रत्याशियों की पहली सूची में स्थान दिया गया है।

पूनम महाजन मुंबईClick here to see more news from this city में घाटकोपर पश्चिम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। पार्टी ने कहा कि 23 निवर्तमान विधायकों को फिर से टिकट दिया गया है, जबकि परिसीमन और अन्य कारणों से नौ निवर्तमान विधायकों को टिकट से वंचित रहना पड़ा है। जारी की गई प्रत्याशियों की सूची में एक वर्तमान विधान पाषर्द का भी नाम है ।

पहली सूची में दो महिला प्रत्याशियों, अनुसूचित जाति के छह और अनुसूचित जनजाति के नौ उम्मीदवार शामिल हैं। भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष नितिन गडकरी इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। पार्टी ने सांगली विधानसभा सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संभाजी राव को टिकट दिया है।

पहली सूची में केवल एक मुस्लिम उम्मीदवार को शामिल किया गया है, जो मालेगाँव (मध्य) से 34 वर्षीय जलील अंसारी हैं। सितंबर 2006 में सिलसिलेवार बम विस्फोटों के कारण 37 लोगों की मृत्यु के कारण मालेगाँव चर्चित हुआ था। इन विस्फोटों के मामले में साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित और दक्षिणपंथी संगठन अभिनव भारत के कुछ कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है।

अंसारी को मैदान में उतारने के संबंध में पूछे जाने पर पार्टी महासचिव गोपीनाथ मुंडे ने कहा कि वे क्षेत्र के एक पुराने पार्टी कार्यकर्ता हैं और उन्हें टिकट देना सही कदम है।

अन्य प्रमुख प्रत्याशियों में राज्य के पूर्व वित्तमंत्री और विधानसभा में भाजपा के नेता एकनाथ खड़से (मुक्तईनगर), भाजपा युवा इकाई के उपाध्यक्ष देवेंद्र फड़नवीस (नागपुर दक्षिण पश्चिम) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद शिवाजी राव कार्दिले (राहुरी) शामिल हैं।

तालमेल के तहत भाजपा महाराष्ट्र में विधानसभा की 119 सीटों पर जबकि सहयोगी शिवसेना 169 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। भाजपा के प्रत्याशियों की दूसरी सूची 21 सितंबर को जारी होने की संभावना है।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार