01 सितंबर, 2009

महंगाई के खिलाफ खड़े हों : लालू


राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद लालू प्रसाद ने कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ रही है कि भोजन की थाली से दाल गायब हो गया है। इसकी वजह से गरीबों को प्रोटीन नहीं मिल पाएगा। महंगाई के खिलाफ लोगों को आगे आना होगा।
पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद सोमवार को फुलवारीशरीफ विधानसभा के उपचुनाव को लेकर हरनीचक गांव में राजद और लोजपा के संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन को लोजपा नेताओं ने भी संबोधित किया। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा कि हमारा राज था तो सभी खुश थे। गरीब भी सीना तानकर अपनी बात कहता था। अब तो गरीब पुलिस को देखकर भाग रहा है। लोग त्राहिमाम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि सूर्य भगवान का अपमान किया गया, जिस कारण सुखाड़ आ गया। हम जब पटना आते हैं तो वर्षा होती है। यह चुनाव गद्दारों को सबक सिखाने के लिये है। जिसने आज रात खाना खाया और सुबह पार्टी छोड़कर चला गया। ऐसे लोगों के जाने से हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। उन्होंने कहा कि वोट के दिन सो मत जाना, जागते रहना और वोट जाकर करना। सम्मेलन को पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, गुलाम गौस और विनोद कुमार सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। वहीं लोजपा नेता डा. सत्यानन्द शर्मा, लोजपा के राष्ट्रीय महासचिव पुनीत राय, दलित सेना प्रदेश अध्यक्ष विष्णु पासवान, राजेन्द्र विश्र्वकर्मा, सुरेश सिंह ने फुलवारीशरीफ विधानसभा के दर्जनों गांवों का दौरा किया और राजद प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील लोगों से की।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार