भारत ने सीरिया को हराकर लगातार दूसरी बार नेहरू कप पर कब्जा कर लिया है. भारत ने पेनाल्टी शूट आउट में सीरिया को 5-4 से हराकर खिताब पर कब्जा किया. भारत की इस जीत में गोलकीपर सुब्रत पाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा जिन्होंने तीन बेहतरीन गोल बचाए. निर्धारित समय तक भारत मजबूत प्रतिद्वंद्वी सीरिया के खिलाफ 1-1 से बराबरी पर था.
लगातार दूसरे खिताब को जीतने में जुटी भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में 95वें रैंकिंग वाली टीम सीरिया को कड़ी चुनौती दी. अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में रेनेडी सिंह ने मैच का पहला गोल दागा. लेकिन मैच खत्म होने से दो मिनट पहले सीरियाई खिलाड़ी अली दयाब ने बराबरी का गोल दागते हुए मुकाबले को पेनाल्टी शूट आउट में पहुंचा दिया.
भारतीय कप्तान बाइचुंग भूटिया और सुनील छेत्री ने गोल करने के कुछ मौके भी गंवाए. भूटिया के नेतृत्व में भारत ने 2007 में नेहरू कप खिताब जीता था.