08 जुलाई, 2012

राजेश खन्ना को मिली हॉस्पिटल से छुट्टी

अपने समय के सुपरस्टार राजेश खन्ना को दो सप्ताह बाद हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है। उनकी पत्नी डिम्पल कपाड़िया ने यह जानकारी दी है। डिम्पल ने बताया, "राजेश घर वापस आ गए हैं। उन्हें हॉस्पिटल से कल (शनिवार) छुट्टी मिली। वह अब बिल्कुल ठीक हैं।"
अपने प्रशंसकों द्वारा 'काका' कहकर पुकारे जाने वाले 69 वर्षीय अभिनेता को 23 जून को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राजेश से अलग रह रही उनकी पत्नी डिम्पल कपाड़िया पहले दिन से ही उनकी देखभाल कर रही हैं।
जिस वक्त राजेश को हॉस्पिटल से छुट्टी मिली, तब उनकी पत्नी और बेटी रिंकी उनके साथ थीं।
राजेश खन्ना बीते कुछ समय से स्वास्थ्य सम्बंधी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस वर्ष अप्रैल में भी उन्हें कमजोरी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तब उन्हें तीन या चार दिनों में घर भेज दिया गया था।
बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना ने अपने चार दशकों के लम्बे कॅरियर में 'आराधना', 'सफर', 'कटी पतंग' और 'आनंद' जैसी फिल्मों में काम किया।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार