15 जनवरी, 2010

हैती को 50 लाख डॉलर की मदद देगा भारत

भूकंप प्रभावित हैती में राहत कार्य के लिए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने शुक्रवार को 50 लाख अमेरिकी डॉलर की मदद देने की घोषणा की।

सिंह ने कहा कि जरूरत की इस घड़ी में भारत हैती सरकार और वहाँ की जनता के साथ है। हैती के लोगों के प्रति एकजुटता के तौर पर हम 50 लाख अमेरिकी डॉलर की त्वरित नकद सहायता देना चाहते हैं।

हैती के प्रधानमंत्री ज्यां मैक्स बेलिरिवे को लिखे एक पत्र में सिंह ने इस त्रासदी में मृत और घायल लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि बहुत दुख की बात है कि 12 जनवरी को आये भूकंप के कारण हैती में व्यापक तबाही हुई है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि हैती के लोगों में इस प्राकृतिक आपदा से उबरने की शक्ति और क्षमता है।

तीन लाख लोग बेघर : कैरेबियाई देश हैती में पिछले दिनों आए प्रलयंकारी भूकंप की वजह से करीब तीन लाख लोग बेघर हो गए हैं। हैती में संयुक्त राष्ट्र मिशन के अधिकारियों द्वारा हेलिकॉप्टर से किए गए सर्वेक्षण में पाया गया है कि कुछ इलाकों में 50 प्रतिशत इमारतें ध्वस्त हो चुकी हैं।

तीस लाख डालर दान देंगे वुड्स : महिलाओं के साथ अपने संबंधों के कारण दुनियाभर में बदनामी झेल रहे विश्व के नंबर एक गोल्फर टाइगर वुड्स ने हैती में भूकंप पीड़ितों को तीस लाख डॉलर दान देने का फैसला किया है। अखबार के अनुसार वायक्लेफ जीन येले फाउंडेशन ने भूकंप पीड़ितों के लिए हैती में एक मोबाइल अस्पताल बनाया है। इस फाउंडेशन को दान देकर वुड्स वहाँ डॉक्टर भेजना चाहते हैं।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार