01 अगस्त, 2009

पुर्तगाल में समलैंगिक शादी पर पाबंदी जारी

पुर्तगाल की संवैधानिक अदालत ने देश में समलैंगिक विवाह पर प्रतिबंध के अपने निर्णय को बरकरार रखा है।
गौरतलब है कि एक निम्न अदालत ने दो महिलाओं टेरेसा पेरेज तथा हेलेना पेक्साओ के आपस में विवाह करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इन महिलाओं ने अदालत के इस निर्णय के खिलाफ संवैधानिक अदालत में याचिका दाखिल की थी।
अदालत ने एक बयान में कहा कि उन्होंने इन दोनों महिलाओं की याचिका पर दोबारा गौर करने के बाद दो के मुकाबले तीन मतों से निम्न अदालत के निर्णय को बरकरार रखने का फैसला लिया है।
अंतरराष्ट्रीय समलैंगिक संघ की पुर्तगाल विंग ने कहा अदालत के इस निर्णय से यह तय होता है कि जो भी दल भेदभाव के खिलाफ लड़ना और समानता को बढ़ावा देना चाहते हैं, उन्हें संसद में जल्द से जल्द इस मुद्दे का हल निकालने की कोशिश करना चाहिए।
गौरतलब है कि पुर्तगाल में 27 सितम्बर को आम चुनाव होने वाले हैं। देश के प्रधानमंत्री जोसे सुकरात तथा उनकी सोशलिस्ट पार्टी ने आगामी चुनावों के लिए बुधवार को अपना घोषणा-पत्र जारी किया, जिसमें पार्टी ने समलैंगिक विवाह को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी शामिल कर रखा है।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार