28 जुलाई, 2009

विभा देवी बनीं नगर पंचायत अध्यक्ष


विभा देवी ने रेखा देवी को तीन मतों से पराजित कर नगर पंचायत नवगछिया के अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया है। अनुमंडल मुख्यालय में संपन्न हुए चुनाव में विभादेवी को कुल तेरह मत मिले जबकि रेखा देवी को दस मत मिले। इसके साथ ही नगर पंचायत की राजनीति में चल रही उठापटक सोमवार को नये चेयरमेन की ताजपोशी के बाद समाप्त हो गई।
विभा देवी को नगर पंचायत उपाध्यक्ष कृष्णदेव यादव समर्थित पार्षदों का समर्थन प्राप्त था। जबकि रेखा देवी सत्ताधारी दल से जुड़े पार्षदों की ओर से उम्मीदवारी कर रही थी। पांच घंटे तक चली गहमागहमी के बाद हुए मतदान में विभा देवी के पक्ष में 13 व रेखा देवी के पक्ष में 10 पार्षदों ने वोट डाले। निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी कपिलदेव महतो ने विभा देवी के निर्वाचन की घोषणा करते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। अपर समाहत्र्ता श्रवण कुमार पंसारी की देखरेख में अध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। चुनाव के दौरान नवगछिया इंस्पेक्टर शिवजी राम के नेतृत्व में अनुमंडल परिसर में सैप जवानों की तैनाती की गई थी। दंडाधिकारी के रूप में नवगछिया बीडीओ मृत्युजंय कुमार, जमादार एनके राय, एनके यादव के अलावा महिला पुलिस को भी सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया था। चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए एसडीओ ने सभी पार्षदों को आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी।नई अध्यक्ष को फुल-मालाओं से लाद कर समर्थक पार्षदों ने जीत का इजहार किया।

ध्यान दें

प्रकाशित समाचारों पर आप अपनी राय या टिपण्णी भी भेज सकते हैं , हर समाचार के नीचे टिपण्णी पर क्लिक कर के .

लोकप्रिय समाचार